मध्य प्रदेश में चूहे लगातार अपना कमाल दिखा रहे हैं। कभी चूहे थाने में रखी शराब पी जा रहे हैं तो कभी ट्रेन के पहियों पर ब्रेक लगाए जाने का कारण बन रहे हैं। ताज़ा मामला भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन पर सामने आया है, जहां चूहों ने शताब्दी एक्सप्रेस के C-7 कोच के तार कुतर दिए, जिससे कोच से धुआं निकलने लगा और यात्रियों में हड़कंप मच गया।
इसके बाद इंजीनियरों ने खराबी दूर की और ट्रेन रवाना हो सकी। शताब्दी एक्सप्रेस दोपहर 3 बजे रानी कमलापति स्टेशन से भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना हुई तो कोच C-7 सेमें धुएं की गंध आने लगी। एसी सिस्टम को नियंत्रित करने वाले पैनल से धुआं निकलता देखा यात्रियों में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी जानकारी टीटी को दी गई, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया।
कोच C-7 में धुआं दिखने पर तुरंत इंजीनियर स्टाफ को मौके पर बुलाया गया। इंजीनियर स्टाफ ने एसी पैनल खोला और मरम्मत का काम शुरू किया। इस दौरान पैनल के अंदर तीन चूहे मरे हुए पाए गए। चूहों ने पैनल के तार काट दिए थे, जिससे शॉर्ट सर्किट हो गया। पैनल की मरम्मत के बाद उसका गहनता से निरीक्षण किया गया, जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट की वजह चूहे थे। जांच के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस प्रक्रिया के चलते शताब्दी एक्सप्रेस करीब 20 मिनट लेट हो गई। अच्छी बात ये रही, कि रेलवे स्टाफ की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया।