फिल्म अभिनेता सोनू सूद धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे हैं। यहां पर उन्होंने विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान सोनू सूद धोती पहने हुए थे। मंदिर के पुजारियों ने सोनू सूद से भगवान महाकालेश्वर की पूरे विधि-विधान से पूजा कराई। 

इस बीच सोनू सूद ने भगवान महाकालेश्वर का जलाभिषेक भी किया। इसके अलावा सोनू सूद ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान का ध्यान भी किया। साथ ही उन्होंने नंदी के कान में अपनी इच्छा बताई।

सोनू सूद ने मंदिर परिसर में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन और पूजा करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने सभी के लिए सुख मांगा है। सबका भला हो, दुनिया अच्छी रहे और सब स्वस्थ हों। सभी प्रगति करें, सभी अच्छा काम करें और मुझे उनके लिए काम करते रहने की शक्ति दें।

धार्मिक नगरी उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद अब सोनू सूद विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। दर्शन और पूजा के बाद मंदिर से बाहर आते ही फैंस सोनू के साथ फोटो और सेल्फी लेते नज़र आए।