10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के फार्म भरने से कई विद्यार्थी और अभिभावक चूक गए हैं। अब इन्हें विलंब शुल्क दो हजार रुपये के साथ फार्म भरने पड़ रहे हैं। उक्त राशि चुकाकर 31 अक्टूबर तक फार्म भरे जाएंगे। इस दिन तक जिन्होंने फार्म नहीं भरे, उन्हें 5 हजार रुपये विलंब शुल्क चुकाना पड़ेगा।

भोपाल में 500 विद्यार्थियों के फार्म जमा नहीं
जानकारी के मुताबिक अकेले भोपाल में 10वीं, 12वीं के 500 विद्यार्थियों के फार्म नहीं भरे गए हैं। इन्हें विलंब शुल्क चुकाना पड़ रहा है।

बीते वर्ष चुकाने पड़े थे 10-10 हजार रुपये
बीते वर्ष शहर के सैकड़ों विद्यार्थियों के साथ एक कैफे संचालक ने गड़बड़ी कर दी थी। इसके लिए विद्यार्थी और उनके अभिभावक जिम्मेदार नहीं थे बल्कि संबंधित स्कूल के शिक्षक और प्रचार्यों की गलती थी। इन्होंने उक्त कैफे संचालक को थोक में फार्म भरने का ठेका दे दिया था। जिसके द्वारा उक्त राशि से जमीन खरीद ली गई थी और फार्म नहीं भरे थे। बाद में ऐसे विद्यार्थियों को परीक्षा से बाहर होने की नौबत बन गई थी।

मंडल ने यह तय की थी फार्म भरने की तारीखें

•मंडल की 10वीं व 12वीं परीक्षा के फार्म जमा करने की तिथि 30 सितंबर तक 1200 रुपये नियमित शुल्क के साथ निर्धारित की थी।

•एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा करने की अनुमति दी।

•16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दो हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा किए जा सकते हैं।
•1 नवंबर से 15 नवंबर तक पांच हजार रुपये विलंब शुल्क लगेगा।

•16 नवंबर से 30 नवंबर तक 10 हजार रुपये विलंब शुल्क लगेगा।

•इस अवधि तक भी फार्म नहीं भरे गए तो परीक्षा शुरू होने के 10 दिन पहले तक 12 हजार रुपे विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा किए जाएंगे।