भोपाल। राज्य के उज्जैन सहित कुल आठ हवाई पट्टियों से निजी कंपनियों द्वारा विमान सेवा देने के टेण्डर जल्दी खोले जायेंगे। सात अन्य हवाई पट्टियों में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, खुजुराहो, जबलपुर, पचमढ़ी एवं मंडला की एयर स्ट्रीप शामिल हैं। यह टेण्डर एमपी टूरिज्म बोर्ड ने जारी किया है। निजी कंपनियों को इन हवाई अड्डों से विमान संचालित करने पर बोर्ड वायबिलिटी गैप फण्डिंग यानि हानि की प्रतिपूर्ति भी पांच साल तक करेगा। ये विमान सेवा प्रदेश के अंदर एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिये उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पर्यटक धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक जल्दी एवं सुविधापूर्वक पहुंच सकें।

टूरिज्म बोर्ड दस से कम सीटर वाले विमानों के लिये प्रथम एवं द्वितीय वर्ष कुल किराये की 40 प्रतिशत, 12 से 15 सीटर विमान हेतु 15 प्रतिशत एवं 15 से 20 सीटर विमान हेतु 13 प्रतिशत की प्रतिपूर्ति वीजीएफ के तहत करेगा। इसी प्रकार, दस से कम सीटर विमान हेतु तीसरे वर्ष 30 प्रतिशत, चौथे वर्ष 20 प्रतिशत एवं पांचवे वर्ष 10 प्रतिशत की प्रतिपूर्ति की जायेगी जबकि 12 से 15 सीटर विमान हेतु तीसरे वर्ष 11.25 प्रतिशत, चौथे वर्ष 7.5 प्रतिशत एवं पांचवे वर्ष 3.75 प्रतिशत की प्रतिपूर्ति की जायेगी। 15 से 20 सीटर विमान हेतु तीसरे वर्ष 9.75 प्रतिशत, चौथे वर्ष 6.5 प्रतिशत एवं पांचवे वर्ष 3.27 प्रतिशत की प्रतिपूर्ति की जायेगी।