लगातार सर्द हवाएं चलने से शहर में ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी तीन-चार दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। रात के तापमान में और भी गिरावट होने के आसार हैं। उधर बीती रात सबसे कम 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। वहीं भोपाल में भी न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। वहीं हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
बताया जाता है कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के कमजोर रहने के कारण इसका मप्र के मौसम पर विशेष असर नहीं हो रहा है। हवा का रुख भी उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से तापमान में गिरावट होने लगी है। विक्षोभ काफी कमजोर है। उसके बुधवार रात तक आगे बढ़ जाने की भी संभावना है।
वहीं उत्तर भारत में मौसम काफी ठंडा हो गया है। वर्तमान में हवाओं का रुख भी उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में सिहरन बढ़ने लगी है। तीन-चार दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।