भोपाल: राज्य के छतरपुर जिले की बिजावर विधानसभा में क्षेत्र स्थित प्रसिध्द धार्मिक स्थल जटाशंकर धाम पहाड़ी पर रोप-वे बनाने के लिये फारेस्ट एनओसी मिल गई है। अब यहां रोव-वे बन सकेगा। उल्लेखनीय है कि छतरपुर जिले के बिजावर क्षेत्र में श्री जटाशंकर धाम में आने वाले बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं बीमार लोगों को सुगमता से मंदिर तक पहुंचाने के लिए रोप-वे प्रोजेक्ट स्वीकृत किया हुआ है। तीन साल पहले 3 नवंबर 2019 को तत्कालीन सीएम कमलनाथ ने बिजावर मेला ग्राउंड में आयोजित मोनिया महोत्सव में श्री जटाशंकर धाम में रोपवे लगवाए जाने की घोषणा की थी।
इसके बाद मार्च 2020 में उनकी सरकार गिर गई। जिससे रोपवे लगाए जाने का मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर वर्ष 2021 में बजट भाषण के दौरान तत्कालीन वित्त मंत्री ने सदन के अंदर श्री जटाशंकर धाम में रोप-वे लगवाए जाने की घोषणा की। इसके बाद राज्य पर्यटन विभाग द्वारा यहां रोप-वे लगवाए जाने के लिए सर्वे आदि की प्रक्रिया करवाई गई।
पर्यटन विभाग द्वारा निकाले गए टेंडर के आधार पर कोलकाता की रोपवे इन रिसोर्ट कंपनी को श्री जटाशंकर धाम में रोपवे में लगाए जाने का ठेका मिला। प्रोजेक्ट प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप प्रक्रिया के तहत होने से इसकी सभी लागत रोप वे इन रिसोर्ट कंपनी को लगाना है। पर्यटन निगम द्वारा यहां काम कराया जाएगा। करीब 12.50 करोड़ रुपये की लागत बनने वाले इस प्रोजेक्ट को निजी कंपनी को 30 साल के लिए दिया जाएगा। निर्माण से लेकर 30 साल तक इस रोप-वे प्रोजेक्ट का संचालन कंपनी ही करेगी।
इस प्रोजेक्ट के तहत नीचे और ऊपर 2 मुख्य पिलर बनाए जाएंगे। एक अपर टर्मिनल प्वाइंट और एक लोवर टर्मिनल प्वाइंट बनाया जाएगा। बीच में 2 सिपोर्ट पिलर बनाए जाएंगे। इसमें 22 ट्रॉली (केबिन) लगेंगे, प्रत्येक ट्रॉली में 4 आदमी बैठाने की क्षमता होगी। रोप-वे की ऊंचाई 56 मीटर और नीचे से ऊपर तक लंबाई 470 मीटर रहेगी। रोप-वे लगाने के लिए 0.98 हेक्टेयर वन भूमि की जरूरत थी जिसकी अब फारेस्अ क्लीयरेंस केंद्र सरकार से मिल गई है। इस वन भूमि के एवज में वन विभाग को नेट प्रेजेन्ट वेल्यु का करीब 12 लाख रुपये पर्यटन विभाग जमा करायेगा।
विभागीय अधिकारी ने बताया कि छतरपुर जिले के जटाशंकर धाम पर वन भूमि पर रोप-वे बनाने के लिये केंद्र ने अनुमति दे दी है। अब डीएफओ छतरपुर इस संबंध में आदेश जारी करेंगे तथा नेट प्रेजेन्ट वेल्यु भी जमा करवायेंगे।