मप्र में चुनाव प्रचार थमने के बाद अब भाजपा और कांग्रेस के शिविरों में मतदान के लिये जरूरी रणनीतियों पर काम किया जा रहा है। दोनों दलों के मुखिया अपने उम्मीदवारों और रणनीतिकारों के संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज भोपाल में हैं वहीं कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ छिंदवाडा में हैं। आज राजनीतिक दलों के लिये रतजगे का वक्त है। 

माना जा रहा है कि भाजपा व कांग्रेस के तमाम रणनीतिकार व उम्मीदवार संपर्क संवाद और अपने बूथ मैनेजमेंट पर ध्यान केदित किये हुए है। दलों के मुख्यालों से भी लगातार जरूरी निर्देश व हिदायते दी जा रही हैं। वहीं कांग्रेस ने अपने सभी 230 प्रत्याशियों ने शपथ पत्र पर हस्ताक्षरयुक्त वचन जारी किया है। इसमें कांग्रेस की सभी गारंटियों को पूरा करने का वचन है। 

कांग्रेस ने दावा किया है कि यह वचन लोगों पर गहरा असर छोड़ रहा है। इसमें भ्रष्टाचार मुक्त प्रगतिशील मध्य प्रदेश का वादा है। मप्र के किसी विधानसभा चुनाव में किसी पार्टी ने प्रत्याशियों ने इस तरह शपथ पद पर कभी गारंटी नहीं दी थी। वहीं भाजपा अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा ने संकल्प से सिद्धि तक के सफर के आधार पर प्रचार- प्रसार किया। जनता के नाम प्रधानमंत्री की प्रेम की पाती भी आई।

इधर बड़ामलहरा भाजपा प्रत्याशी प्रद्युमन सिंह की पत्नी पर एफआईआर दर्ज होने की खबरे हैं। बताया जाता है कि ग्राम कायन में भाजपा प्रत्याशी की पत्नी ने आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए कार्तिक स्नान करने वाली कतकारियों को पैसे व सामग्री बांटी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद गुलगंज थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।