रेल की पटरी पार करते समय कार के पहिए बीच पटरी में फंस गए और इतने में सुपर फास्ट ट्रेन आ गई। इस बीच कार चालक तो उतरकर भाग गया लेकिन कार ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के पुर्जे दो किमी तक बिखरे मिले। ट्रेन को रोका गया लेकिन जब तक कार चकनाचूर हो चुकी थी। हालांकि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। मगर टक्कर की खबर सुनकर ट्रेन में बैठे यात्री भी घबरा गए।
यह घटना आज सुबह करीब छह बजे सुपर कॉरिडोर में रेलवे क्रासिंग की है। इस पर निर्माण कार्य चलने से रूट को डायवर्ट किया गया है। इसी पर चलते हुए कार ट्रैक पर चली गई थी। कार चालक ट्रैक से गुजर रहा था, लेकिन गिट्टी और मिट्टी पहियों में फंस गई। चालक ने कोशिश की लेकिन कार आगे नहीं बढ़ रही थी तभी जयपुर-दिल्ली सुपरफास्ट की आवाज सुनकर वह कार से बाहर भाग आया। जबकि ट्रेन काफी तेज रफ्तार में थी। हालांकि ट्रेन का हार्न भी बजाया गया था लेकिन कारचालक कार मिट्टी में धंसी होने से निकाल नहीं सका।