मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को वोटिंग हुई थी। इसके बाद से ही सभी को चुनाव परिणामों की इंतज़ार है। 3 तारीख़ को मतगणना के बाद ही प्रदेश में सरकार किसकी बनेगी इसका फ़ैसला हो पाएगा। प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के बीच काँटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बड़ा दावा किया है। सीएम शिवराज का कहना है कि मध्य प्रदेश में कोई काँटे की टक्कर नहीं है। लाडली बहनों ने सारे काँटे निकाल दिये हैं और प्रदेश में पाँचवीं बार बीजेपी की सरकार बनेगी।

सीएम शिवराज ने यह दावा अपनी विधानसभा बुधनी के शाहगंज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में किया। वे मतदान के बाद पहली बार बुधनी पहुंचे थे। हर बार की तरह इस बार भी सीएम शिवराज सिंह चौहान नामांकन पत्र जमा करने के बाद प्रचार के लिए नहीं आये और कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी थी।

सीएम शिवराज ने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से कहा कि आप अद्भुत हैं। यह एकमात्र ऐसा विधानसभा क्षेत्र होगा जहां उम्मीदवार सिर्फ फॉर्म भरने और वोट देने आते हैं। ऐसा कहीं नहीं होता, अभ्यर्थी केवल कुछ दिनों के लिए आते हैं। जो लोग चुनाव लड़ते हैं वे जनता के बीच जाते हैं, लेकिन आप सभी ने मुझसे कहा था कि यहां मत देखो, सिर्फ वोट देने आओ। आप सभी ने शिवराज बनकर चुनाव लड़ा है और मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी की मेहनत से इस बार बुधनी विधानसभा का आशीर्वाद ऐसा होगा कि पूरा देश देखेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आप सभी की एक महीने की जिम्मेदारी है, उसके बाद मैं पांच साल तक बेहतर करने का प्रयास करूंगा। इस दौरान सीएम शिवराज ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें धन्यवाद दिया।