मध्य प्रदेश की 16वीं विधानसभा के चार दिवसीय विशेष सत्र के आखिरी दिन गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हुई। इस बीच 'लाडली बहना योजना चलेगी या नहीं' इस सवाल को लेकर भी जमकर हंगामा हुआ।

कांग्रेस विधायक रावत ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से जवाब चाहता हूं कि लाडली बहना योजना चलेगी या नहीं। मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि इस योजना के लाभार्थियों को महीने दी जाने वाली राशि दी जायेगी या नहीं। इस सवाल का जवाब देते हुए बीजेपी विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बीजेपी का संकल्प पत्र नहीं, बल्कि मोदी की गारंटी है। यह गारंटी हर हाल में पूरी होगी।

रामनिवास रावत ने कहा कि विधानसभा के बारे में जानकारी नहीं है। जब सवाल पूछे जाते हैं तो जवाब मिलता है कि जानकारी जुटाई जा रही है। ये रुकना चाहिए, जवाबदेही तय होनी चाहिए ताकि समय पर सवालों का जवाब दिया जा सके। प्रदेश पर कर्ज बढ़ता जा रहा है।

प्रह्लाद पटेल ने कहा कि कांग्रेस ने विरासत का अपमान किया है। विरासत के साथ विकास की जरूरत है। विपक्ष लाडली बहना की बात करता है, हम लखपति को बहना बनायेंगे।