मप्र में आज विस चुनाव के लिये नामांकन दाखिले का आखिरी दिन है और सभी दलों के नेता नामांकन भरने में व्यस्त हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी से 'लाडली बहनों' के साथ नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ इंदौर में रोड शो कर रहे है। वहीं आज डैमेज कंट्रोल का भी सबसे बड़ा इम्तिहान चल रहा है। भाजपा और कांग्रेस परदे के पीछे इसमें जुटे हुए हैं। 

कांग्रेस को इसमें सुबह धार की तरफ से राहत मिली व पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी ने कमलनाथ से मुलाकात करके अपनी नाराजी, उम्मीदवारी छोड़कर इस्तीफा वापस ले लिया। गजेंद्र सिंह ने एक पत्र जारी करते हुए लिखा है कि वे अब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान में तेजी से जुटेंगे। उधर केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज इंदौर में सुबह से ' हालातों' का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने संभागीय बैठक के बजाए वन टू वन नाराज नेताओं से चर्चा की है तथा पार्टी का काम करने की सलाह दी है। वे शाम को ग्वालियर में भी ऐसी ही बैठक लेंगे। हालांकि दो दिन पहले जबलपुर में उनकी नसीहतों के बाद भी दो नेताओं के बगावती सुर सामने आये हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपना नामांकन दाखिल करने से पहले आज अपने गांव जैत में नर्मदा की पूजा की। सीएम ने अपने परिवार के साथ पैतृक गांव जैत में लोगों से बात की। वे देवी दरबार सलकनपुर में मत्था भी टेकेंगे। उनके नामांकन काफिले में बड़ी संख्या में महिलायें शामिल हैं। वे शाम 4 बजे सिवनी मालवा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। फिर सोहागपुर पहुंचेगे।

परेशानी पूछ रहे शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सुबह उज्जैन से इंदौर पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश प्रभारी हितानंद शर्मा भी रहे। यहां वे बागियों के साथ वन टू वन चर्चा कर रहे हैं। शाह बागियों की परेशानी और उनके समाधान की भी चर्चा कर रहे हैं। इस बीच इंदौर की संभागीय भाजपा की बैठक निरस्त कर दी गई है। भाजपा के संभागीय प्रवक्ता आलोक दुबे ने बताया कि ये बैठक कब होगी अभी तय नहीं है। शाह दोपहर बाद इंदौर से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। शाह तीन दिन से मप्र के दौरे पर हैं। वे देर शाम दिल्ली लौटेंगे।