मध्य प्रदेश के विदिशा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। हादसे में विदिशा प्रेस क्लब के अध्यक्ष समेत तीन पत्रकारों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

हादसा सलामतपुर थाना क्षेत्र के लाम्बाखेड़ा में हुआ। बताया जा रहा है कि तीनों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में विदिशा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश शर्मा निवासी खारी फाटक रोड विदिशा, सुनील शर्मा सिंधी कॉलोनी, नरेंद्र दीक्षित निवासी आरएमपी नगर की मौत हो गई।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि विदिशा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश शर्मा व साथी पत्रकार सुनील शर्मा व नरेंद्र दीक्षित की दुर्घटना में मौत का दुखद समाचार मिला है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस गहरे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

सीएम ने ये भी लिखा कि दिवंगत श्री राजेश शर्मा जी, श्री सुनील शर्मा जी और श्री नरेंद्र दीक्षित जी का परिवार स्वयं को अकेला न समझें, दुःख की इस घड़ी में हम सब शोकाकुल परिवार के साथ हैं। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए सहायता राशि प्रदान की जायेगी।