भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित रूची कलारी औद्योगिक क्षेत्र में बीती रात ट्रक ने चार युवकों को कुचल दिया । इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवकों को इलाल के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया था। हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान तीसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया। घायलों में एक युवक की हालात नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज दिए है।
एसआई भुजराम ने बताया कि अमजद खान (19) देवगढ़ झारखंड का रहने वाला था और फिलहाल निजामुद्दीन कॉलोनी, पिपलानी में रहता था। अमजद औद्योगिक क्षेत्र अशोका गार्डन में एक फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसके साथ हसनुद्दीन खान (26) निवासी देवगड़, झारखंड भी काम करता था। दोनों शुक्रवार रात काम कर लौट रहे थे। उनकी बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया था और वह बाइक धकेलते हुए औद्योगिक क्षेत्र से मुख्य सड़क की तरफ जा रहे थे। उनके साथ परवेज और हसन अंसारी भी थे। चारों लोग रात करीब साढ़े 11 बजे के आसपास रूची कलारी के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में अमजद खान और हसनुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई थी। इधर गंभीर रूप घायल परवेज और हसन को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया था। वहां इलाज के दौरान आज शनिवार सुबह हसन अंसारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परवेज की हालत नाजुक बनी हुई है।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर पड़े अमजद और हसनुद्दीन के शव पीएम के लिए पहुंचाए थे। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर कुछ लोगों ने बताया कि हादसा ट्रक से हुआ है और ट्रक वाला मुख्य सड़क की तरफ भागा है। पुलिस घटनास्थल और मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है।