विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग सख्त है। वहीं प्रशासन भी मुस्तैद है। विधानसभा चुनाव के समय किसी भी तरह की दिक्कतें न हों इसके लिए पुलिसकर्मियों को ज़रूरी प्रशिक्षण और तकनीक भी सिखाई जा रही है लेकिन इसके लिए जो तरीका अपनाया गया है, वो थोड़ा हटके यानि यूनिक है।

जी हां इसके लिए एक फ़िल्म बनाई गई है। चुनाव के दौरान पुलिस क्या काम करेगी, कैसे काम करेगी, किसी भी तरह की चूक से कैसे बचा जा सके इसकी ट्रेनिंग के लिए एक फ़िल्म भी बनाई गई है। 

पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण हेतु रिफ्रेशर के तौर पर 20 दिनों की अथक मेहनत के बाद यह फिल्म 'तुम रहो सजग' पूरी हुई। पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश द्वारा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, प्रशिक्षण अनुराधा शंकर जी की उपस्थिति में इस फिल्म को रिलीज़ किया गया।

सबसे ख़ास बात यह है कि फिल्म में सारे किरदार पुलिस अकादमी में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने निभाए हैं। जिन लोकेशन्स पर इस फ़िल्म को शूट किया गया वो भी पुलिस एकेडमी के भीतर की ही हैं।

इस तरह की जागरुकता फैलाने को लेकर बनाई गई इस फ़िल्म को लेकर इसमें काम करने वाले पुलिसकर्मी भी उत्साहित हैं। यह फ़िल्म रील और रियल का परफेक्ट कॉम्बिनेशन है।