मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने चुनाव नतीजों से पहले एक बार फिर से अपनी ही सरकार पर हमला बोला है। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर वरिष्ठ बीजेपी नेता उमा भारती ने राज्य में चल रहे अवैध खनन और शराब माफिया को लेकर अपनी ही पार्टी की सरकार पर तीखे हमले किये।
उमा भारती ने आगे कहा शिवराज जी से मैंने व्यक्तिगत कहा था कि प्रदेश में रेत खनन को वैध कर दें। शराब से होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई हो जाएगी। खनन रोकना सरकार का काम है। इतनी बेशर्मी से खनन मैंने कभी नहीं देखा। रेत खनन से पूरा चम्बल खत्म हो जाएगा।
उमा भारती ने कहा कि सबसे बड़ा मुद्दा अवैध खनन, शराब माफिया और बिजली माफिया का बढ़ना है। गलतियाँ सरकार में बैठे लोगों से होती हैं। इसके लिए मैं किसी एक राज्य की बात नहीं करूंगा। उन्होंने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी के खर्च पर नियंत्रण रखना भी जरूरी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने आगे कहा कि मैं चाहती हूं कि मोदी जी 50 साल तक प्रधानमंत्री बने रहें। मुझे लगता है कि मोदीजी इस देश को सुधार देंगे। योगी जी देश में राजनीति शुचिता लेकर आये मोदी जी देश को ठीक करने में लगे हुए है। 10 साल से एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। यह भी एक बड़ी उपलब्धि है। मोदी के जीवन पर कोई दाग नहीं है। उनका आचरण महापुरुषों का है।