मध्यप्रदेश में नई सरकार का गठन हो गया है। सीएम मोहन यादव ने बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस समारोह के दौरान कई बड़े नेताओं ने समारोह में शिरकत की।
वहीं कई बड़े चेहरे इस समारोह से गायब भी रहे। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती भी समारोह से दूर रहीं। वे सीएम मोहन यादव के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुईं। उमा भारती ने शपथ ग्रहण समारोह से दूर रहने की वजह को लेकर भी एक अपडेट साझा किया है। इसके लिए अपनी खराब सेहत को जिम्मेदार ठहराया है। उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर जानकारी दी कि वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगी।
उमा भारती ने लिखा है, नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण आया है। आप सबको विदित ही है कि मुझे पीठ में स्लिप डिस्क होने के कारण उठने बैठने की अत्यधिक सावधानी रखने का चिकित्सकों का निर्देश है। इसलिए मैं इस समारोह में अनुपस्थित रहने के लिए मजबूर हूं लेकिन नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों को शुभकामनाएं। @GovernorMP @BJP4India @BJP4MP @DrMohanYadav51 @CMMadhyaPradesh
आपको बता दें, कि मध्यप्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके साथ दो उपमुख्यमंत्रियों जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार (13 दिसंबर) को शपथ ली। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।