पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को बीजेपी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए सुरखी पहुंचना था लेकिन वे वहां नहीं पहुंचीं। यही नहीं उमा भारती ने इसके बाद किसी भी सभा में नहीं पहुंचने की बात भी सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। अब इसे लेकर कई अटकलें भी लगाईं जा रही हैं जबकि उमा भारती ने इसका कारण भी बताया है।
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उमा ने लिखा- आज सागर जिले की सुरखी विधानसभा से जो तकनीकी कठिनाई आई की स्टार प्रचारक श्री अश्विनी वैष्णव जी वहां थे और मैं मोबाइल से भोपाल से उस सभा में भाषण कर रही थी। श्री वैष्णव जी ने वहां पहुंचकर अपना बड़प्पन दिखाया अन्यथा गोविंद सिंह जी को लाभ की जगह हानि पहुंच गई होती।
उन्होंने आगे लिखा, मेरा तो झांसी में इलाज चल रहा था। मुझे तो यहां बुलवा लिया गया और फिर मैं प्रचार में पहुंच भी नहीं सकी। मुझे बुलाने वाले उम्मीदवारों ने सर्वत्र मेरे आने की चर्चा भी कर दी, अब मैं उनके लिए चिंतित हूं कि सुरखी जैसा सब जगह ना हो जाए। अब मुझे आगे किसी उम्मीदवार को संकट में नहीं डालना इसलिए अब मेरी कोई सभा नहीं होगी सिर्फ भगवान से सबकी विजय के लिए प्रार्थना होगी। मैं स्वयं से वचनबद्ध हूं कि देश का,राज्य का और मोदी जी का कभी अहित नहीं करूंगी।
15 तारीख को दोपहर को टीकमगढ़ पहुंच जाऊंगी क्योंकि 17 को सुबह अपने गांव में वोट डालना है। आपको बता दें, कि उमा भारती जब सुरखी नहीं पहुंची तो उम्मीदवार गोविंद सिंह राजपूत सहित पूरी पार्टी के लोग सकते में आ गए। इसके बाद मध्य प्रदेश में पार्टी के चुनाव का काम देख रहे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को सभा में बुलाया गया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मोबाइल पर कनेक्ट होकर अपना भाषण दिया।