राज्य के नये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पद भार ग्रहण करते ही एक्शन में दिखाई दिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही नए सीएम ने कई बड़े फैसले किए। सीएम यादव ने केबिनेट की पहली बैठक में धार्मिक स्थलों पर तेज़ आवाज वाले लाउडस्पीकर पर रोक और खुले में मांस/ मछली की बिक्री पर रोक लगाने जैसे दो बड़े फैसले लिए।
पार्टी की सनातनी विचारधारा को देखते हुए ये फैसले CM मोहन यादव की भविष्य की कार्यशैली के संकेत माने जा रहे हैं। वहीं इन फैसलों से प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती गदगद नज़र आईं। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने इन फैसलों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उमा भारती के मुताबिक़ नए मुख्यमंत्री ने इन फैसलों से अपनी संवेदनशीलता दिखा दी है। उमा भारती ने अपने X हैंडल पर पोस्ट करके इस बात को लेकर खुशी ज़ाहिर की है। उमा भारती ने लिखा-
मध्यप्रदेश की नव निर्वाचित सरकार के मुखिया श्री मोहन यादव जी की कैबिनेट ने कल जो दो महत्वपूर्ण निर्णय किये- खुले में मांस एवं अंडे की बिक्री पर सख्ती तथा धार्मिक स्थानों पर जोर से बजते हुए लाउडस्पीकर पर रोक, दोनों समस्याएं सामान्य जनजीवन के लिए बहुत बड़ी परेशानी थीं, उन पर नियंत्रित प्रतिबंध लगाकर नई सरकार ने अपनी मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है, नये मुख्यमंत्री जी एवं उनकी कैबिनेट का अभिनंदन।
गौरतलब है, कि सीएम यादव ने केबिनेट की पहली बैठक में धार्मिक स्थलों पर तेज़ आवाज वाले लाउडस्पीकर पर रोक और खुले में मांस/ मछली की बिक्री
बैन समेत कई अहम फैसले किए थे।