पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती हिमालय जाकर चिंतन का कार्यक्रम स्थगित कर MP के चुनावी मैदान में नज़र आएंगी। वे गुरुवार 9 नवंबर से चुनाव प्रचार की शुरुआत भी करने जा रही हैं। इससे पहले उन्होने प्रदेश सरकार के लम्बे कार्यकाल में किये कामों की सफलता पर चिंतन करने हिमालय जाने की बात कह सियासी तूफ़ान ला दिया था।

अब उमा भारती का चुनाव प्रचार अभियान सांची से शुरू होगा। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती सिलवानी के बम्होरी और सागर के सुरखी में भी चुनावी रैली करेंगी।  हालांकि,इससे पहले उमा भारती ने प्रचार से मना कर हिमालय जाने का ऐलान किया था। बीजेपी की स्टार प्रचारक लिस्ट में भी उनका नाम नहीं था।

तब उमा भारती ने कहा था कि 2003 से अभी तक डेढ़ साल को छोड़कर हमारी ही सरकार रही। लोगों के जिन सपनों को पूरा करने के लिए हमने कांग्रेस को 20 साल पहले ध्वस्त किया था, वह सपने कितने पूरे हुए, उस पर अभी और आत्म चिंतन मैं अभी कुछ दिन हिमालय में बद्री–केदार के दर्शन करते समय करूंगी।

गौरतलब है कि उमा भारती आगामी लोकसभा चुनाव में लड़ने की इच्छा भी जाहिर कर चुकी हैं। उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन वो साफ कर चुकी हैं कि वो आगामी 2024 का लोकसभा चुनाव जरूर लड़ना चाहती हैं।