प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम मध्यप्रदेश समेत पांच राज्यों में निकाली जाने वाली 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। उज्जैन में इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का फायदा हर पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है।

PM मोदी ने आगे कहा कि विकसित भारत के संकल्प में हमारे शहरों की बड़ी भूमिका है। आजादी के लंबे समय तक विकास का दायरा देश के बड़े शहरों तक ही सीमित रहा है, लेकिन आज हम देश के टियर 2, टियर 3 इन शहरों के विकास पर बल दे रहे हैं। हमारी सरकार परिवार के सदस्य की तरह आपकी हर चिंता को कम करने का प्रयास कर रही है।

मध्यप्रदेश सहित अन्य चार राज्यों- राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों से प्रधानमंत्री मोदी भी जुड़े। उन्होंने इस मौके पर कहा कि यह यात्रा सबका साथ, सबका विकास की संकल्पना के अनुरूप विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि तथा जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मप्र में यात्रा के लिए 366 रथ (वेन) मध्यप्रदेश पहुंचाने की व्यवस्था केंद्र सरकार द्वारा की गई है। जिलों में सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और महापौर आईईसी वैन को रवाना करेंगे। यात्राएं आगामी 26 जनवरी 2024 तक संचालित होंगी। यात्रा में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए किसानों को उन्नत कृषि के लिए प्रेरित करने, हर घर जल, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, जनधन योजना सहित 19 योजनाओं और शहरी क्षेत्रों में पीएम स्वनिधि योजना सहित 16 योजनाओं के विषय में जनता को विशेष रूप से जानकारी देकर हितलाभ प्रदान किए जाएंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों से कहा है कि यह यात्रा कर्मकांड न होकर, आमजन के हित के लिए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। कल्याणकारी योजनाओं से लाभार्थियों को जोड़ने के लिए सभी जिलों में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। यात्रा से संबंधित श्रेष्ठ कार्य करने वाले अमले को प्रोत्साहित और पुरस्कृत भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि इस यात्रा को शानदार स्वरूप दिया जाए, जिलों में भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा हो जिससे यात्रा की कल्पना मैदान में दिखे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टरों को इस संबंध में जारी निर्देशों में कहा है कि केंद्र की योजनाओं से बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हों, इसके लिए उत्साह का वातावरण तैयार किया जाए।