चुनावी गर्मी के बाद मध्यप्रदेश में अब सीजन का पहला मावठा गिरने का अनुमान है। शनिवार से मौसम में बदलाव दिखाई देगा और दो दिन बाद यानी नवंबर के आखिरी सप्ताह की शुरुआत से मध्यप्रदेश में सीजन का पहला मावठा गिरेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक़ सोमवार से इंदौर, उज्जैन समेत कुल 18 जिलों में बारिश होने का अनुमान है। प्रदेश के झाबुआ, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बड़वानी और धार के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  25 नवंबर को आठ, 26 नवंबर को 18 और 27 नवंबर को आठ जिलों में बारिश हो सकती है।

वहीं शनिवार से ही मौसम में बदलाव  इंदौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन और बुरहानपुर में बादल छाने के साथ बिजली भी चमकेगी। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिन और बारिश का दौर रहेगा।

दूसरी ओर गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड ने फिर दस्तक दी। ग्वालियर में तो पारा गिरकर 10.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि पचमढ़ी में पारा 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्वालियर के अलावा भी प्रदेश के कई जिलों का तापमान तेजी से गिरा। राजगढ़ में 11 डिग्री, दतिया में 11.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।