जबलपुर में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संभागीय समीक्षा के दूसरे दिन ही कलेक्टर सौरभ सुमन को हटा दिया गया है। उन्हें अपर सचिव मध्यप्रदेश शासन बनाया गया है। उनकी जगह दीपक कुमार सक्सेना जबलपुर के नए कलेक्टर होंगे।
बुधवार को सीएम डॉ. मोहन यादव जबलपुर के दौर पर थे। यहां पर सीएम यादव ने संभागीय समीक्षा की थी। इसके एक दिन बाद ये कार्रवाई की गई। माना जा रहा है कि समीक्षा बैठक में मिले फीडबैक के बाद यह बदलाव किया गया है।

इसके अलावा नरसिंहपुर कलेक्टर के पद से शाजापुर ट्रांसफर की गईं रिजु बाफना की जगह शीतला पटले को नया कलेक्टर बनाया है। शाजापुर के तत्कालीन कलेक्टर किशोर कन्याल को ड्राइवर को औकात बताने वाले बयान के बाद हटा दिया गया था। उनकी जगह रिजु बाफना को शाजापुर कलेक्टर बनाया गया है।
दीपक कुमार सक्सेना अभी संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश राज्य भंडार गृह निगम की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।