महाकाल लोक की तर्ज पर अब देवास में देवी लोक बनेगा। माता टेकरी के नाम से जिस देवास की पहचान है, वहां देवी लोक के रूप में भव्य स्थल बनाने की योजना है। विधायक गायत्री राजे ने चुनाव में इसकी घोषणा की थी और जीतने के बाद पहला प्रस्ताव भी देवी लोक का बनाया है। इसका प्रारंभिक प्रारूप व प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
देवास की प्रसिद्ध माता टेकरी पर मां तुलजा भवानी और चामुंडा माता विराजित हैं। देशभर से लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं। शारदीय नवरात्र में लाखों लोगों की भीड़ उमड़ती है। माता टेकरी सिद्ध साधकों की तपोस्थली भी रही है और नाथ संप्रदाय के साधक भी यहां से जुड़े रहे हैं। इसी वजह से माता टेकरी का अपना महत्व है और यहां लोगों की अपार आस्था है।