MP Politics: मध्य प्रदेश की 16वीं विधानसभा के पहले शीतकालीन सत्र का आज चौथा और अंतिम दिन है. 18 दिसंबर से शुरू हुए इस चार दिवसीय सत्र के आखिरी दिन (21 दिसंबर) राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चर्चा के दौरान रतलाम शहर सीट से बीजेपी विधायक चेतन्य कश्यप ने वेतन, भत्ता और पेंशन त्यागने की बात कही है.

मध्य प्रदेश विधानसभा के पटल पर दिए इस बयान से एक बात तो साफ़ हैं कि चेतन्य कश्यप अब न तो किसी प्रकार की कोई सैलरी, भत्ते और न ही कोई पेंशन लेंगे.

बता दें चेतन्य कश्यप मध्य प्रदेश के सबसे अमीर विधायक हैं. उनके पास करीब 294 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां है. वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उन पर बैंक का 13 करोड़ रुपये का कर्ज भी है.

बीजेपी के टिकट पर उज्जैन संभाग की रतलाम शहर सीट से चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे चेतन्य कश्यप अब मध्य प्रदेश के सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में टॉप पर हैं.

अब चेतन्य कश्यप एक विधायक को मिलने वाली सभी सुविधाएं जैसे सैलरी, पेंशन और भत्ते को त्यागने की बात कहकर सुबह से ही ख़बरों की सुर्ख़ियों में बने हुए हैं.