मध्य प्रदेश में कोहरे और गलन भरी ठंड का दौर शुरु हो चुका है। राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। खजुराहो और सतना में तापमान पांच डिग्री के करीब पहुंच गया है।
इधर घने कोहरे और गलन के चलते स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्वालियर-चंबल संभाग में 11 बजे से स्कूल लगाने के आदेश जारी किए हैं। ये आदेश 31 जनवरी तक के लिए है। अन्य जिलों में कलेक्टर मौसम को देखते हुए स्कूलों के समय को लेकर फैसला लेंगे।
मौसम विभाग का कहना है कि 20 जनवरी के बाद रातें और भी ठंडी हो जाएंगी। मौसम विभाग ने गुरुवार को अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश होने का अनुमान भी जताया है। टीकमगढ़, सतना, रीवा, पन्ना, ग्वालियर और भिंड में कोल्ड-डे रहने की संभावना है। छतरपुर, निवाड़ी और दतिया जिलों में दिन में तेज ठंड का असर रह सकता है।
गुरुवार को भिंड, ग्वालियर, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में मध्यम से घना कोहरा रहा। अशोकनगर में हल्के से मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। रीवा और टीकमगढ़ में न्यूनतम दृश्यता 50 मीटर रही। वहीं, दमोह और जबलपुर में 200 मीटर, खजुराहो और ग्वालियर एयरपोर्ट पर 300 मीटर, रतलाम, सीधी, उमरिया जिलों में 500 मीटर तक विजिबिलिटी रही।
खजुराहो के अलावा नौगांव (छतरपुर), टीकमगढ़, सतना, दतिया में सीवियर कोल्ड डे रहा। इन शहरों में बुधवार को दिन का तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम और रात का तापमान 10 डिग्री से कम रहा।