मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। पिछले सात दिनों से वातावरण में लगातार ठंडक बनी हुई है।भोपाल में चार दिन सूरज तक नहीं निकला। साथ ही सोमवार की सुबह भी कड़ाके की ठंड रही। घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 10 मीटर रह गई।
ग्वालियर, गुना, सागर, रायसेन, उज्जैन समेत कई शहरों का मौसम एक जैसा है। इंदौर में तीन दिन बाद धूप निकली। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों में मालवा और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका जताई है।
रविवार को राजधानी भोपाल में तो बारिश हुई ही, प्रदेश के कई शहरों में बारिश देखने को निली। प्रदेश में कहीं कोहरा छाया रहा, वहीं ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी ठंडा बना दिया।। मौसम का हाल कुछ यूं था, कि भोपाल, रायसेन और सागर, हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला और जम्मू के कटरा से भी ठंडे थे। वहीं, 11 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे देखा गया। सोमवार को भी मौसम का हाल कुछ ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कोहरा, बारिश और ठंड लाएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया। इस प्रकार भोपाल में धर्मशाला की तुलना में 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। कटरा में 18.8 डिग्री सेल्सियस और बनिहाल में 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उज्जैन में 19.8 डिग्री सेल्सियस, सागर में 17.4 डिग्री, रायसेन में 17.8 डिग्री और गुना में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।