मध्य प्रदेश में अगले 6 दिनों तक कड़ाके की ठंड, कोहरे और बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। छिंदवाड़ा में सुबह चार बजे तेज बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 11 जनवरी तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हरियाणा में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में भी मौसम ठंडा रहेगा। शनिवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 30 जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। वहीं, प्रदेश के आधे हिस्से में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रदेश में अभी भी सिस्टम सक्रिय है, जो अगले दो-तीन दिन तक रहेगा। उधर, हरियाणा के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जिससे आने वाले दिनों में भी मौसम ठंडा रहेगा। शनिवार को दमोह, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, नर्मदापुरम, बैतूल सहित रीवा, शहडोल, जबलपुर, भोपाल संभाग में बारिश हो सकती है।