मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है। मध्यप्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने कड़ाके की ठंड के दौर की आहट दे दी है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए नर्मदापुरम, बैतूल, गुना, डिंडौरी, मंडला, छिंदवाड़ा और दमोह में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
भोपाल, जबलपुर, इंदौर समेत 39 जिलों येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां घने कोहरे के असार के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इससे दिन के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। सोमवार को भी भोपाल, इंदौर, बैतूल समेत 14 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई।
वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जिलों की बात की जाए तो दतिया में 11.1, टीकमगढ़ में 12, भोपाल में 16.6, ग्वालियर में 13.5, रायसेन में 13, जबलपुर में 13.5, इंदौर में 14.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
राजधानी भोपाल में रविवार आधी रात के बाद से शुरू हुई बारिश सोमवार रात तक जारी रही। इस दौरान 8.8 मिमी बारिश हुई। यह 10 साल में नवंबर की 1 दिन की सबसे ज्यादा बारिश है। मंगलवार को सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है।