MP Weather Update: प्रदेश में एक बार फिर पड़ेगी कड़ाके की ठंड, जानिए कैसा रहेगा मौसम


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

शुक्रवार 24 जनवरी के मौसम की बात करें तो तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि शनिवार से फिर तापमान में गिरावट आने की संभावना है..!!

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। राज्य में कड़ाके की ठंड के बाद अब कई हिस्सों में शीतलहर लौट आई है। ठंडी हवाएं थोड़ी धीमी हो गई हैं और मौसम साफ और धूप वाला हो चला है। लेकिन अब प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। शुक्रवार 24 जनवरी के मौसम की बात करें तो तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि शनिवार से फिर तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार सभी संभागों के जिलों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। गुरुवार को राज्य में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश शहरों में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में मौसम में फिर से बदलाव की संभावना जताई है।

गुरुवार के मौसम की बात करें तो भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 12.4, इंदौर में 13.9, पचमढ़ी में 8.3, उज्जैन में 13.8, जबलपुर में 12.4 डिग्री सेल्सियस और मंडला में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान की बात करें तो भोपाल में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 24, इंदौर में 27, उज्जैन में 28 और जबलपुर में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार जनवरी का आखिरी सप्ताह सबसे ठंडा होता है और इस बार भी ऐसा ही होने के संकेत हैं। अगले 48 घंटों में राज्य का मौसम बदल सकता है। 24 या 25 जनवरी से शीत लहर फिर शुरू हो सकती है।