मध्य प्रदेश में भोपाल, सीहोर समेत कई शहर बुधवार सुबह कोहरे से ढके रहे। विजीविल्टी कम होने के कारण 50 मीटर की दूरी तक भी देखना मुश्किल हो रहा है। इतना ही नहीं भोपाल और छिंदवाड़ा में बूंदाबांदी भी हुई।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव हुआ है। बुधवार को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। अगले 2 से 3 दिनों तक कोहरा छाया रहेगा। सिस्टम गुजरने के बाद रात के तापमान में गिरावट आएगी।

बुधवार को इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों और हरदा में बारिश की संभावना बाताई जा रही है। मंगलवार रात प्रदेश में सबसे कम तापमान रीवा में 9.4 डिग्री रहा। पचमढ़ी में 12 डिग्री रहा। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान सिवनी में 17.6 डिग्री दर्ज किया गया।

बड़े शहरों की बात करें तो मंगलवार को ग्वालियर सबसे ठंडा रहा यहां भी कोहरा छाया रहा। दिन का तापमान 6 डिग्री की गिरावट के साथ 14.2 डिग्री पर पहुंच गया। उज्जैन में अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री, भोपाल में 27.7 डिग्री, इंदौर में 27.8 डिग्री और जबलपुर में 28.5 डिग्री रहा।

ग्वालियर के बाद टीकमगढ़ और खजुराहो में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। टीकमगढ़ में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और खजुराहो में 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। गुना, नौगांव, सतना, रीवा, रतलाम, चिरी, पचमढ़ी, शाजापुर में तापमान 25 डिग्री से नीचे रहा।