पांचवे 'खेलो इंडिया' यूथ गेम्स का आयोजन मध्यप्रदेश में होगा। गुरुवार को दिल्ली में आयोजित खेल अलंकरण समारोह एवं खेलो इंडिया प्रोग्राम में सीएम शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की आधिकारिक घोषणा की गई।
इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि अब "खेलो इंडिया" मध्यप्रदेश में होगा और हिंदुस्तान ही नहीं पूरी दुनिया देखे, ऐसा आयोजन करने का हम प्रयास करेंगे। वैसे भी भारत की परंपरा है अतिथि देवो भव: मेहमान जो हमारा होता है वो जान से प्यारा होता है। अपने खिलाड़ियों को हम जान से ज्यादा संभाल कर रखेंगे।
भारत में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत 2018 से हुई थी। पांचवे 'खेलो इंडिया' यूथ गेम्स का आयोजन प्रदेश के 8 शहरों भोपाल, इन्दौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मण्डला, महेश्वर एवं बालाघाट में किया जाएगा। जिसमें 30 खेलों में 7 हजार से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे।
मध्यप्रदेश में खेल के इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर सीएम शिवराज ने बताया कि हमने मध्यप्रदेश में खेल के इंफ्रास्ट्रक्चर को बनाने की कोशिश की और इंफ्रा भी ऐसा, कभी आप हमारी शूटिंग अकादमी आकार देखें। हमने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की बनाने का प्रयास किया है। अपने खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं, अकादमी में तो मिले ही लेकिन हर जिले में भी मिले इसलिए हर जिले में स्टेडियम, कोचिंग की व्यवस्था, प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किये गए हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रामाणिक, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मध्यप्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया उपस्थित रहीं। वहीं, कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के कलाकारों द्वारा मलखंभ का प्रदर्शन किया गया।