मध्यप्रदेश में मंगलवार की सुबह घने कोहरे के बीच हुई। अधिकाँश शहरों में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रह गई। राजधानी भोपाल भी सुबह कोहरे के आगोश में लिपटी नज़र आई। वहीं सुबह 10 बजे से स्कूल लगने के आदेश के बाद भी मंगलवार को अधिकाँश स्कूल पहले के समय पर ही लगे।
सोमवार को मध्यप्रदेश में शीतलहर को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव हुआ था। स्कूल शिक्षा विभाग ने शासकीय और अशासकीय स्कूलों के लिए इस संबंध में आदेश जारी किये थे। जिसमे 20 जनवरी तक स्कूल सुबह 10 बजे से ही संचालित होने की बात कही गई थी।
अधिकाँश स्कूलों में मंगलवार को इस आदेश का पालन न हो सका। बच्चे सुबह निर्धारित समय पर स्कूल जाते नज़र आये और स्कूल वेन और बस भी घने कोहरे के बावजूद अपने निर्धारित समय पर ही आईं। अभिभावकों को स्कूल प्रबंधन की ओर से समय में बदलाव की सूचना नहीं पहुँची।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में उज्जैन, मंदसौर, नीमच, शिवपुरी, ग्वालियर, रतलाम, हरदा, सागर समेत भोपाल संभाग में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, ग्वालियर-चंबल संभाग में मध्यम से घना कोहरा भी रहेगा।