प्रदेश के 46 नगरीय निकायों में दूसरे चरण में हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने 46 में से 38 निकायों में भाजपा का परचम लहराया है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र खुरई और मंत्री गोपाल भार्गव के क्षेत्र गढ़ाकोटा नगर पालिका के भी सभी वार्डों में बीजेपी के प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए। 

खुरई नगर पालिका परिषद पूरी तरह से कांग्रेस मुक्त निकाय घोषित हुआ है। खुरई नगर पालिका के कुल 32 वार्डों में से 21 में नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होते ही बीजेपी के पार्षद निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए थे। जिन 11 वार्डों में चुनाव हुए थे, उन सभी में आज मतगणना के बाद बीजेपी के प्रत्याशी भारी अंतर से विजयी घोषित किए गए हैं। 

खुरई नगर पालिका के 11 वार्डों के लिए शुक्रवार को शासकीय पालीटेक्निक कॉलेज मतगणना की गई। दो चक्रों में हुई मतगणना की गई। इन 11 वार्डों में पार्षद पद के लिए कुल 30 उम्मीदवार मैदान में थे। सभी जगह बीजेपी के प्रत्याशियों ने एकतरफा जीत प्राप्त की। अधिकांश वार्डों में तो कांग्रेस उम्मीदवार अपने गृह बूथ में भी अपनी हार नहीं टाल सके। 

नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने निकाय चुनावों में इस शानदार सफलता को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार के सतत् विकास कार्यों के प्रति मतदाताओं के विश्वास और भाजपा के कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम बताया है। 

इधर सागर जिले की ही गढ़ाकोटा नगर पालिका और कर्रापुर नगर परिषद के लिए भी आज मतगण्ना हुई थी। गढ़ाकोटा नगर पालिका के भी सभी 23 वार्डों में बीजेपी के प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए हैं। कांग्रेस यहां भी खाता नहीं खोल सकी। जबकि कर्रापुर नगर परिषद के कुल 15 वार्डों में से 9 में बीजेपी, दो में कांग्रेस, एक में बीएसपी और 3 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी घोषित हुए हैं। जिले में कांग्रेस को केवल दो वार्ड मिल सके हैं।