मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक हत्सया का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दलित परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। मृतकों में माता-पिता और एक बेटा शामिल है। वहीं एक और बेटा घायल है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला जिले के देहात थाना क्षेत्र के देवरान गांव का है। महिला से छेड़छाड़ को लेकर पटेल और अहीवाल परिवार में बीती रात झगड़ा हुआ था। धीरे-धीरे मामला इस हद तक बढ़ गया कि मंगलवार सुबह फायरिंग हो गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह पटेल परिवार ने दलित परिवार पर बंदूक से हमला कर दिया।
जिसके चलते रेप के आरोपी मानक अहिवाल (30 साल), उसके पिता गामदी अहिवाल (60 साल) और मां राजप्यारी (58 साल) की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मानक के भाई को भी गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्या की खबर मिलते ही ग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची,, जिसके बाद SP ने खुद गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद जिला कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे। SP ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्या एक महिला के साथ विवाद के कारण हुई थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक किसी की भी गिरफ़्तारी नहीं हुई है। मामले के सभी 6 आरोपी फरार हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कलेक्टर के मुताबिक पुलिस के अलावा राजस्व टीम भी पूरे मामले की जांच करेगी। इस मामले में सभी पहलुओं की सघन जांच की जाएगी। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।