MP News: करीब 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आज (22 जनवरी) अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा बड़े ही धूमधाम से हो गई हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं. इस खास दिन के लिए राम मंदिर के साथ-साथ पूरी अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है. 

वहीं, रामलला के आगमन पर पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल है. इस बीच मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान एक मुस्लिम परिवार ने सनातन धर्म (हिंदू धर्म) अपना लिया है. विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने हिंदू धर्म अपनाने वाले परिवार का माल्यार्पण और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया. उसके बाद हिंदू परंपराओं के मुताबिक विधि विधान से धर्म परिवर्तन कराया गया.

वायरल इमेज


धर्म बदलने वाले परिवार के मुखिया ने अयूब खान से अब अपना नाम बदलकर राजकुमार रख लिया है. सामाजिक कार्यकर्ता जयस भट्ट ने बताया कि अयूब खान लगातार उनके संपर्क में थे. उन्होंने सनातन धर्म के प्रति कई बार अपनी रुचि प्रकट की थी. जिसके चलते विश्व हिंदू परिषद के माध्यम से उन्हें प्रेरित कर आज राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दौरान हिंदू धर्म में शामिल किया गया.

बता दें कि यह धर्म बदलने का मामला अलीराजपुर में सामने आया है. जिसमें मुस्लिम युवक ने हिन्दू धर्म अपना लिया. अयूब खान के नाम से पहचाने जाने वाला यह युवक अब राजकुमार के नाम से पहचाना जाएगा. अयूब से राजकुमार बने युवक का कहना था कि उसे इस्लाम धर्म की बहुत सी चीजों पर आपत्ति थी. 

इन्हीं कारणों से उसका लगाव सनातन धर्म की तरफ ज्यादा था और वहां मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना भी करता था. अयूब से राजकुमार बने युवक ने आगे बताया कि हमारे पूर्वज पहले हिंदू ही थे लेकिन, किसी कारण से वो मुस्लिम हो गए. आज हम पूर्वजों की गलतियों को सुधार रहे हैं. अयूब ने अपने पूरे परिवार के साथ सनातन धर्म अपनाया है.