Nagpur Blast: महाराष्ट्र के नागपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां पर एक कंपनी के अंदर हुए भीषण धमाके में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
अचानक हुआ ज़ोरदार धमाका-
न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, नागपुर के बाजारगांव में सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी में धमाका होने से नौ लोगों की मौत हो गई. यह धमाका सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी में कास्ट बूस्टर प्लांट में पैकिंग के वक्त हुआ. फ़िलहाल, मौके पर स्थानीय अधिकारीयों की टीम पहुंच रही हैं. जिसके बाद आगे की जानकारी दी जाएगी.
ख़बरों के अनुसार, महाराष्ट्र के नागपुर से करीब 55 किमी दूर अमरावती रोड पर बाजार गांव स्थित सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी के कास्ट बूस्टर प्लांट में सुबह करीब 9 बजे जोरदार धमाका हुआ. जिसमें करीब 9 लोगों की मौत हो गई. इसमें 6 पुरुष और 3 तीन महिला शामिल हैं.
वहीं, करीब तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया. फ़िलहाल, इस धमाके में जान गवाने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
धमाके में बिल्डिंग का एक हिस्सा ढहा-
सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी में हुए धमाके के बाद अचानक आग़ लग गई, जिसके चलते कई लोग अंदर ही फंस गए. बचाव दल की टीम मौके पर पहुंच गई है. फ़िलहाल, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी हैं.
ये धमाका कैसे हुआ इसकी वजह तो अभी सामने नहीं आई है. हालांकि, धमाका इतना ज़ोरदार था कि कंपनी की बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह गया. इस धमाके की आवाज से आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई.