MP Election 2023: चुनावी सरगर्मियां तेज़ होते ही राजनीति में दलबदल का सिलसिला भी ज़ोर पकड़ने लगता हैं. नेता अपनी सुविधाओं के अनुरूप पाला बदलने में जरा भी देर नहीं करते हैं. बीते लंबे समय से मध्यप्रदेश की राजनीति में भी नेताओं का दल-बदलने का सिलसिला लगातार जारी है.

मतलब, प्रत्याशियों के चयन से लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद भी बग़ावत का दौर लगातार जारी है. इसी महीने की 17 नवंबर को मतदान होना है. चुनावी तारीख काफी नजदीक होने के बावजूद भी इस्तीफों का दौर थम नहीं रहा हैं.

चुनावी हलचलों के बीच निमाड़ अंचल में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. हाल ही में बीजेपी के दिग्गज नेता रहे स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन सिंह ने बीजेपी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है.

बुरहानपुर सीट से बीजेपी द्वारा टिकट नहीं मिलने के बाद अब हर्षवर्धन सिंह निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं. ऐसे में यहां भाजपा की जीत के सारे समीकरण बिगड़ते दिखाई देने लगे हैं. क्योंकि, 2018 में भी बीजेपी को यहां से हार का सामना करना पड़ा था.

बता दें कि बुरहानपुर विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प नजर आ रहा है. बीजेपी की तरफ से अर्चना चिटनिस मैदान में हैं. तो वहीं, कांग्रेस की तरफ से सुरेंद्र सिंह शेरा प्रत्याशी हैं. जबकि, हर्षवर्धन सिंह चौहान के निर्दलीय चुनाव लड़ने से यहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है. वहीं, AIMIM भी बुरहानपुर से  किस्मत आजमाने में लगी हुई है.