देश की राजधानी दिल्ली में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दिल्ली के शाहाबाद डेयरी इलाके में एक युवक ने नाबालिग लड़की को चाकू से गोद कर पत्थर से कुचल दिया। पुलिस ने आरोपी को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना बाहरी उत्तरी जिले के शाहाबाद डेयरी थाना क्षेत्र की है। आरोपी युवक की पहचान साहिल पुत्र सरफराज के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी मिली है कि आरोपी साहिल और युवती के बीच विवाद चल रहा है। इसके बाद आरोपी साहिल बच्ची को गली में रोक लेता है। कुछ देर बाद आरोपी साहिल ने चाकू से बच्ची पर वार करना शुरू कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी साहिल लगातार बच्ची को चाकू मार रहा है, लोग उसके पास सड़क पर आते-जाते दिख रहे हैं, लेकिन कोई बीच-बचाव करने की जहमत नहीं उठाता। आरोपी साहिल ने लगातार 30 से ज्यादा बार चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने पत्थर से कई वार किए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

मुखबिर ने बीट स्टाफ को नाबालिग लड़की की हत्या की जानकारी दी। साथ ही तत्काल पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की जांच में नाबालिग लड़की की शिनाख्त हो गई है। मृतका ई-36 जेजे कॉलोनी की रहने वाली थी।

पुलिस के मुताबिक साहिल और नाबालिग लड़की के बीच संबंध थे, लेकिन रविवार को दोनों में झगड़ा हो गया। लड़की अपने दोस्त के बेटे की बर्थडे पार्टी में जा रही थी, तभी साहिल ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी साहिल ने उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। ऐसा करने के बाद भी जब वह संतुष्ट नहीं हुआ तो आरोपी ने उसे पत्थर से कुचल डाला।

लड़की के पिता की शिकायत पर शाहाबाद डेयरी थाने में आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया।