प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का निधन देर रात हो गया। प्रधानमंत्री सुबह अहमदाबाद पहुंचे और अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। अंतिम संस्कार के तुरंत बाद अहमदाबाद से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर मोदी ने बंगाल की धरती को नमन करते हुए कहा कि निजी कारणों से आपके बीच नहीं बंगाल नहीं आ पाया। इसके लिए क्षमा मांगता हूं। वंदे भारत ट्रेन के लिए आप सबको बधाई। कार्यक्रम में शामिल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी के मां के निधन पर शोक जताया साथ ही प्रधानमंत्री को कुछ समय आराम की सलाह भी दी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी ने देर रात अहमदाबाद के निजी अस्पताल में तड़के 3:30 बजे अंतिम सांस ली। वे 100 साल की थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह अहमदाबाद पहुंचे और अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार की सुबह एक भावुक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।