राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब गाजियाबाद के रास्ते यूपी में प्रवेश कर गई है। आज यात्रा शुरु होने के साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी करीब 6 किमी तक पैदल चले इसके बाद वे कार से दिल्ली लौट गए। गाजियाबाद पहुंचने के बाद प्रियंका गांधी ने यात्रा को संबोधित किया। उन्होंने कहा मेरा भाई योद्धा है। अडानी और अंबानी ने देश के बड़े से बडे नेता खरीद लिए देश के सारे PSU खरीद लिए। देश की मीडिया खरीद ली लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और न हीं कभी खरीद पाएंगे। मुझे अपने बड़े भाई पर गर्व है। 

प्रियंका ने आगे कहा, "कोई मुझसे पूछ रहा था कि क्या तुम्हारे भाई को ठंड नहीं लगती है। डरो मत, उसकी सुरक्षा के लिए मेरा जवाब है कि वो सच्चाई के कवच में चल रहा है। भगवान उसकी रक्षा करेंगे। चलो साथ चलते हैं ।" एकता, संभावना, प्रेम का संदेश लेकर चलें। इसके बाद दोनों ने लोगों का अभिवादन किया। हालांकि, राहुल ने मंच पर कोई भाषण नहीं दिया।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें राहुल गांदी प्रियंका के गाल को चूमते नज़र आ रहे हैं। राहुल और प्रियंका बुधवार को वापस बागपत से भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे।

राहुल ने यूपी की यात्रा शुरू करने से पहले दिल्ली में मरघट के हनुमानजी के दर्शन किए। इस बीच पुजारी ने उन्हें एक गदा भी दी। राहुल की गदा उठाए हुए फोटो भी सामने आई है। भारत जोड़ो यात्रा 9 दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार से शुरू हुई है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 3 दिन में यूपी में करीब 130 किलोमीटर पैदल चलेंगे। इस बीच, यात्रा यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली से होकर गुजरेगी। इसमें 11 विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे।