साउथ के चर्चित कपल नयनतारा और विघ्नेश शिवन माता-पिता बन गए हैं। कपल ने जुड़वां बेटों का स्वागत किया है। ये खुशखबरी खुद विग्नेश ने सोशल मीडिया के जरिए दी। इस कपल के फैंस दोनों के लिए काफी खुश हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें बधाई दी। इसी बीच ट्विटर पर इस बात को लेकर भी बहस चल रही है कि इस जोड़े ने सरोगेसी का सहारा लिया है या बच्चों को गोद लिया है।

इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर #सरोगेसी ट्रेंड कर रहा है। इसमें कई यूजर्स बिना प्रेग्नेंसी के नयनतारा के मां बनने पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं कई यूजर्स का कहना है कि सरोगेसी का इस्तेमाल करना गलत है। तो वहीं कुछ का कहना है कि सेलेब्स ने इसे ट्रेंड बनाकर रख दिया है।

इस बीच नयनतारा और विग्नेश के कई फैंस उनका सपोर्ट भी कर रहे हैं। वहीं कई यूजर्स का कहना है कि नयनतारा और विग्नेश ने पहले सरोगेसी का फैसला किया था और हो सकता है चीजें कंफर्म होने के बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया हो। इस बात को लेकर नयनतारा के फैंस उनके बचाव में उतर आए हैं।

फैंस का कहना है कि नयनतारा और विग्नेश शिवन ने जो भी फैसला किया चाहे वे सरोगेसी के जरिए बच्चे हों या वे अडॉपशन का रास्ता अपनाएं, ये उनकी मर्जी है। वे अपने बच्चों के साथ जो कुछ भी करना चाहते हैं, वह उन पर निर्भर करता है किसी और को उनके फैसले पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। कई यूजर्स ने ट्रोलर्स पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपने काम पर ध्यान देना चाहिए और दूसरे लोगों के मामलों में अपनी नाक नहीं घुसानी चाहिए।

नयनतारा और विग्नेश सिवन ने 9 जून 2022 को चेन्नई में शादी की थी। इस शादी में कपल के परिवार और करीबी दोस्तों के साथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स ने भी शिरकत की थी। इनमें सूर्या के साथ शाहरुख खान, विजय सेतुपति, एआर रहमान शामिल थे। नयनतारा की जिंदगी पर आधारित नेटफ्लिक्स पर एक फिल्म भी जल्द रिलीज होने वाली है। ये फ़िल्म एक्ट्रेस की प्रेम कहानी और शादी से जुड़े कुछ ऐसे फेक्ट्स को उजागर करेगी जो अभी तक किसी को भी पता नहीं हैं। फिल्म बच्चों को भी शामिल कर सकती है।