MP Election 2023: मध्यप्रदेश अज़ब तो था ही लेकिन अब यहां पर चुनावी साल में सियासत के ग़जब रंग भी दिखाई दे रहें हैं. बीते लंबे समय से दोनों ही दलों में प्रत्याशियों के चयन को लेकर काफी हलचल देखने को मिल रही थी. अब प्रत्याशियों की घोषणा होते ही कई सीटों पर बग़ावत का दौर थमता दिखाई नहीं दे रहा है.
कांग्रेस हो या फिर बीजेपी दोनों ही दलों में कई सीटों पर कार्यकर्ता अपने उम्मीदवार को टिकट नहीं मिलने से नाराज़ हैं. तो कहीं पर नाराजगी कांग्रेस-बीजेपी में टिकट वितरण को लेकर भी दिखाई दे रही हैं. यहीं कारण है कि दोनों ही दलों पर तंज कसते हुए निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में उतरने को तैयार हैं.
ऐसा ही एक मामला बुरहानपुर में देखने को मिला. जहां एक नेताजी बीजेपी और कांग्रेस के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए गधे पर सवार होकर नामांकन जमा करने पहुंचे.
दरअसल, बुरहानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार प्रियांक सिंह गधे पर सवार होकर निर्वाचन आयोग पहुंचे और रिटर्निंग ऑफिसर के पास जाकर अपना नामांकन जमा किया. गधे पर बैठकर नामांकन जमा करने पहुंचे तो वह सुर्खियों में आ गए. हालांकि, उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई.
निर्दलीय प्रत्याशी प्रियांक सिंह ने बताया कि कांग्रेस और बीजेपी जनता को गधा समझ रही हैं. इसलिए उनकी लड़ाई दोनों पार्टियों की नीतियों से हैं. उन्होंने बीजेपी-कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप भी लगाया. निर्दलीय प्रत्याशी ने दोनों ही पार्टियों पर परिवारवाद के आधार पर टिकट बांटने का आरोप लगाया है.
बता दें कि इस बार बुरहानपुर सीट से कांग्रेस ने विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा को प्रत्याशी बनाया है. जबकि, बीजेपी ने पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस को हार के बावजूद फिर से प्रत्याशी बनाया है. इस सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद से ही दोनों ही दलों में बगावत देखने को मिल रही है.