मप्र के नये मुख्यसचिव को लेकर अब प्रशासनिक सुगबुगाहटें तेज होने लगी हैं। मौजूदा मुख्यसचिव इकबाल सिंह बैंस इस महीने के अंत में रिटायर हो जायेंगे। हालांकि उनके सेवाकाल में इजाफे की भी अटकलें थीं लेकिन माना जा रहा है कि सेवावृद्धि के मामलों में केंद्र का 'रुख' देखते हुए मप्र सरकार अनुराग जैन को अगला मुख्यसचिव बना सकती है। वे अभी काफी समय से केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। जैन मप्र कॉडर के वर्ष 89 बैच के अफसर हैं और मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ रह्चुके  हैं।

हालांकि माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष वीरा राणा और अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान व राजेश राजौरा के नाम भी दावेदारों के तौर पर सामने हैं लेकिन प्रशासनिक और कुछ अन्य तकाजों के तहत अनुराग जैन के पक्ष में फैसला होने के आसार बन गये हैं। सूत्रों की मानें तो हाल में भोपाल प्रवास के दौरान जैन ने मुख्यमंत्री से चर्चा भी की थी,उनकी दिल्ली में भी मुख्यमंत्री शिवराज से दो बार चर्चा हो चुकी है। केंद्रीय कार्मिक विभाग द्वारा जैन के विकल्प के तौर पर दूसरे अफसर की तलाश की भी खबरें हैं इससे जैन को मप्र में मुख्य सचिव की जिम्मेदारी मिल सकती है।