भोपाल : प्रदेश के पन्ना नेशनल पार्क में अकोला गेट से हिनौता गेट तक नया पर्यटन मार्ग आगामी अक्टूबर माह से प्रारंभ होगा। इसके लिये वहां सभी जरुरी तैयारी की जा रही हैं। दरअसल खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह जोकि पन्ना से विधायक भी हैं, ने पन्ना नेशनल पार्क के हिनौता गेट के स्थान पर रमपुरा गेट पर्यटकों के लिये प्रारंभ करने का प्रस्ताव भेजा था।

इस पर वन विभाग ने उन्हें जवाब भेजा है कि पन्ना टाईगर रिजर्व की भू-आकृति को देखते हुये रमपुरा गेट से पर्यटन खोलना संभव नहीं है। इसलिये अकोला गेट से हिनौता गेट तक पर्यटन प्रारंभ किये जाने हेतु पीसीसीएफ वाईल्ड लाईफ से अनुमति ले ली गई है। आगामी पर्यटन वर्ष प्रारंभ होने पर नया जोन प्रारंभ किया जायेगा।

नाराज हो गये थे खनिज मंत्री :

रमपुरा गेट नहीं खोले जाने से खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह नाराज हो गये थे तथा उन्होंने उनकी बात न मानने वाले पन्ना टाईगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर उत्तम शर्मा को वहां से हटाने के लिये सीएम को लिख दिया था।  सीएम ने उनकी इस मांग को स्वीकार किया और शर्मा को वहां से हटा दिया है।