देश में नए साल के साथ कड़ाके की ठंड पढ़ने के आसार दिखाई दे रहें हैं. उत्तर भारत के राज्यों में आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप ओर बढ़ेगा. पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना है. इसके अलावा उत्तर भारत में घने कोहरे का मौसम रहने का अनुमान है.
दिल्ली में तापमान 8 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश में तापमान 10 डिग्री से नीचे गिरेगा. इसके अलावा मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देश में चार जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है. घने कोहरे के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा कोहरे के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है.
लोग कर रहे हैं कड़ाके की ठंड का सामना-
उत्तर और पूर्वी भारत के ज्यादातर हिस्सों में लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं. कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रकोप है तो कई इलाकों में कोहरा छाया हुआ है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में ठंड का असर कम होगा या बढ़ेगा, इसे लेकर नया अनुमान जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों ने नए साल के पहले सप्ताह में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना जताई है. खासकर उत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग ने इस संबंध में चेतावनी भी जारी की है.
कड़ाके की ठंडक कहां पड़ेगी?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात में भारी से ज्यादा घना कोहरा छा सकता है. इसके अलावा बिहार के कुछ हिस्सों में भी लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है. अगले 5 दिनों तक इन राज्यों में इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी राज्यों में अगले 3 से 4 दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. अगले 2 दिनों तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश के लोगों को अगले 24 घंटे कोहरे का सामना करना पड़ सकता है.
तापमान में गिरावट आने की संभावना-
कोहरे और शीतलहर के प्रकोप के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. मौसम विज्ञानियों के अनुसार, हिमालय क्षेत्र से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं का मैदानी इलाकों पर व्यापक असर हो सकता है. इससे उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है. मध्य भारत में भी इसका असर अगले 2 दिनों तक देखा जा सकता है. सर्द हवाओं के कारण हिमाचल प्रदेश में 1 जनवरी 2023 तक, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में 4 जनवरी 2023 तक, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों और पूर्वी राजस्थान में 4 जनवरी तक शीतलहर चलने का अनुमान है.