मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर संभाग की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। कैबिनेट बैठक के साथ अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेने जबलपुर पहुंचे CM मोहन यादव ने संभागीय समीक्षा बैठक में प्रमुख निर्देश भी दिए।
CM मोहन यादव ने कहा कि जिलों में पुलिस थानों की सीमाओं का निर्धारण 15 जनवरी तक पूरा कर लिया जाए। साथ ही प्रभावी और आदतन गुंडे और बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की जाए। आपराधिक कृत्यों में लिप्त किसी को भी बख्शा ना जाए।
खुले में मांस और मछली के विक्रय पर सख्ती से प्रतिबंध लगाए जाने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि विक्रेताओं को जब तक पक्का निर्माण नहीं हो जाता तब तक शेड युक्त मार्केट बना कर दिया जाए।
मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि रानी दुर्गावती की नगरी में हुई बैठक बड़ी प्रसन्नता की बात है। बैठक में भविष्य में विकास और रोजगार के मुद्दों को लेकर चर्चा हुई है। हम मध्यप्रदेश को विकास और रोजगार परक बनाना चाहते हैं।
CM यादव ने बताय कि हमने सभी संभाग में एसीएस लेबल के अधिकारी तैनात किए है जो विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भी हमने अधिकारियों से चर्चा की है। मंत्री, विधायक सभी मिलकर विकास के काम में आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में संभागीय समीक्षा (कानून एवं व्यवस्था) की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश सिंह, उदयप्रताप सिंह, संपतिया उइके, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, कैलाश सोनी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।