अब प्रदेश में अलग से सांस्कृतिक वन नहीं बनेंगे, नगर वन विकसित होंगे


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

शुरुआत अमरकंटक से होगी जहां पवित्र वन नाम से नया नगर वन बनाया जायेगा तथा इसकी लागत की भरपाई ग्रीन इण्डिया मिशन से की जायेगी जिसमें केंद्र सरकार द्वारा सहायता राशि दी जाती है..!!

भोपाल: प्रदेश में राज्य सरकार अब सांस्कृतिक वन नहीं बनायेगी बल्कि इसके स्थान पर नगर वन विकसित किये जायेंगे। इसकी शुरुआत अमरकंटक से होगी जहां पवित्र वन नाम से नया नगर वन बनाया जायेगा तथा इसकी लागत की भरपाई ग्रीन इण्डिया मिशन से की जायेगी जिसमें केंद्र सरकार द्वारा सहायता राशि दी जाती है।

उल्लेखनीय है कि पिछली शिवराज सरकार के समय गुजरात की तरह सांस्कृतिक वन बनाने की योजना प्रारंभ हुई थी जिसके लिये वन विभाग के अधिकारियों का दल गुजरात अध्ययन हेतु भेजा गया था। पीएम नरेंद्र मोदी जब गुजरात के सीएम थे तब उन्होंने हर जिले में सांस्कृतिक वन बनाने की शुरुआत की थी। 

मप्र के तत्कालीन मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने उज्जैन, सतना के चित्रकूट, छतरपुर के खजुराहो तथा भोपाल में सांस्कृतिक वन स्वीकृत कर प्रत्येक को 7 करोड़ रुपये से अधिक राशि उपलब्ध कराई थी। सांस्कृतिक वन के अंतर्गत स्थानीय क्षेत्र की संस्कृति के अनुसार आरोग्य वन, नक्षत्र वन, राशि वन, सप्तऋषि वन, राम वन, सांस्कृतिक वन आदि थीम आधारित पार्क बनाए जाते हैं। 

लेकिन अब बजट की कमी के कारण नये सांस्कृतिक वन नहीं बनायेग जायेंगे तथा इनके स्थान पर केंद्र सरकार की ग्रीन इण्डिया मिशन योजना के तहत नगर वन विकसित किये जायेंगे जिसमें सांस्कृतिक वन की तरह ही सुविधायें स्थापित की जायेंगी।