भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग के अंतर्गत संजय सागर परियोजना बाह्य नदी संभाग गंजबासौदा जिला विदिशा में पदस्थ कार्यपालन यंत्री वीपी अहिरवार को विदिशा कलेक्टर ने दो मामलों में शोकॉज नोटिस जारी किया परन्तु अहिरवार ने इसका जवाब नहीं दिया जिस पर अब जल संसाधन विभाग ने तीसरा शोकॉज नोटिस जारी कर अहिरवार से उक्त दो शोकॉज नोटिस के बारे में 15 दिन के अंदर जवाब तलब किया है।
ये थे दो शोकॉज नोटिस :
विदिशा कलेक्टर ने अहिरवार को पहला शोकॉज नोटिस ग्राम पिरिया दौलत एवं ग्राम त्यौंदा के प्रकरणों में दिया था जिसमें एसडीओ गंजबासौदा द्वारा अहिरवार को पत्र जारी किया गया था जिसमें आठ माह की अवधि उपरान्त भी उक्त प्रकरणों में कार्यवाही पूर्ण कर प्रस्तुत नहीं की गई थी जिससे हितग्राही निरन्तर परेशान हो रहे हैं।
दूसरा शोकॉज नोटिस तृतीय जिला न्यायाधीश गंजबासौदा द्वारा सगड़ परियोजना शमशाबाद के 5 भू-अर्जन प्रकरणों में डिक्री पारित कर वसूली हेतु कुर्की वारण्ट जारी करने के संबंध में था जिसमें न्यायालय द्वारा वर्ष 2019 में आदेश पारित किया गया था परन्तु आदेश के 4 वर्षों बाद भी संबंधित हितग्राहियों को आदेशित धनराशि भुगतान नहीं की गई।