भोपाल: राज्य के उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत सरकारी विश्वविद्यालयों में स्वीकृत सहायक कुल सचिव के 43 पदों में से 3 पद अब दिव्यांगजनों को मिलेंगे। इसके लिये सामाजिक न्याय विभाग ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के तहत पदों का चिन्हांकन कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि सरकारी पदों पर दिव्यांगजनों को 6 प्रतिशत का आरक्षण देने का उक्त अधिनियम में प्रावधान है। इसी के तहत द्वितीय श्रेणी के सहायक कुल सचिव पदों में तीन पदों का चिन्हांकन किया गया है।

इन तीन चिन्हांकित पदों में से एक पद दृष्टि बाधित को एक पद श्रवण बाधित को तथा एक पद लोकोमीटर डिसेबिलिटी जिसमें शामिल हैं सेरेब्रल पाल्सी, कुष्ठ रोग मुक्त, बोनापन, एसिड अटैक पीडि़त, मस्कुलर डिस्ट्राफी- को दिया जायेगा।