भोपाल: राज्य के वन विभाग ने आरा मिल के पंजीयन, नवीनीकरण एवं नामांतरण हस्तारण के लिये ऑनलाईन पोर्टल बना दिया है। आईटी विंग वन मुख्यालय भोपाल के एपीसीसीएफ डा. बीएस अन्निगेरी ने सभी वनमंडलों के डीएफओ को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।

पत्र में कहा गया है कि आरा मिल व्यपारियों का नवीनीकरण 1 जनवरी 24 से किया जाना है। इसकी सुविधा वन विभाग की वेबसाईट के एकल लागिन आरा मिल पंजीयन नामांतरण हस्तांतरण प्रणाली में पंजीयन कर, वनमंडल/ उपवनमंडल/रेंज स्तर से कार्यवाही उपरान्त सर्टिफिकेट जनरेट किया जाये।

इसके लिये सभी आरा मिल मालिकों को इस ऑनलाईन साफ्टवेयर से अवगत कराया जाये। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कुछ आरा मिल मालिकों को ऑनलाईन आवेदन करने में यदि असुविधा हो, तो उनके आवेदन ऑफलाईन भी लिये जा सकते हैं, लेकिन प्रयास यह रहे कि अधिक से अधिक आवेदन ऑनलाइन ही प्राप्त हों। पत्र में ऑनलाईन प्रक्रिया के बारे में सहायता पुस्तिका भी भेजी गई है।